Shimla News: हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने बड़े जन आंदोलन का ऐलान किया है। शिमला में हुई विशेष बैठक के बाद बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अगस्त से मंडल स्तर पर अभियान शुरू करने की घोषणा की।
बीजेपी ने सुक्खू सरकार पर वादों से मुकरने और विकास कार्य रोकने के आरोप लगाए हैं। बीजेपी अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सरकार की नीतियों को जनविरोधी और भ्रष्ट बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बंद कर दिए हैं, जिससे जनता परेशान हो रही है।
सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी बीजेपी
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज और निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं और झूठी गारंटियों से जनता ठगी महसूस कर रही है। बीजेपी कार्यकर्ता अब घर-घर जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे।
बीजेपी नेताओं ने साफ किया कि यह विरोध प्रदर्शन केवल सांकेतिक नहीं रहेगा। अगस्त से शुरू होने वाला यह आंदोलन मंडल स्तर से शुरू होकर विधानसभा और प्रदेश स्तर तक चलेगा। पार्टी ने सड़क से लेकर सदन तक सरकार के खिलाफ उग्र संघर्ष करने का पूरा प्लान तैयार किया है।