UP News: उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के लिए एक शानदार खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश रोजगार कार्यालय ने ‘यूपी रोजगार मेला 2026’ के तहत राज्य के कई जिलों में बंपर प्राइवेट और संविदा भर्तियों का ऐलान किया है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
यह नियुक्तियां रोजगार संगम (सेवायोजन पोर्टल) के माध्यम से की जा रही हैं। जुलाई के महीने में राज्य के विभिन्न जिलों में इन मेलों का आयोजन किया जा रहा है। जो युवा पहले के मौकों से चूक गए हैं, वे आने वाले दिनों में आयोजित होने वाले मेलों में हिस्सा ले सकते हैं।
इन अहम जिलों में इस तारीख को लगेगा रोजगार मेला
आने वाले दिनों में कई जिलों में मेले आयोजित होंगे। 20 जुलाई को हमीरपुर में 50 पदों पर भर्ती होगी। 21 जुलाई को लखनऊ के अलीगंज सरकारी आईटीआई में 220 पदों पर और महाराजगंज में 200 पदों पर सीधी भर्तियां की जाएंगी। भदोही में 21 और 28 जुलाई को कुल 470 पदों पर नियुक्तियां होंगी।
इस रोजगार मेले की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें हर वर्ग के युवाओं के लिए मौके हैं। 10वीं, 12वीं पास से लेकर ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, आईटीआई, डिप्लोमा होल्डर, एमबीए और अग्निवीर इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष होना अनिवार्य है।
आवेदन के लिए नहीं देनी होगी कोई फीस, जानें प्रक्रिया
इस रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी भी कैटेगरी के उम्मीदवार को कोई आवेदन शुल्क नहीं देना होगा। सभी के लिए फॉर्म भरना पूरी तरह निशुल्क है। इच्छुक युवाओं को सेवायोजन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट sewayojan.up.nic.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा।
पोर्टल पर लॉगिन करने के बाद शैक्षणिक दस्तावेज, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करके फॉर्म सबमिट करना होगा। यह भर्तियां मुख्य रूप से प्राइवेट और संविदा आधारित हैं। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे मेले में जाने से पहले ऑफिशियल नोटिफिकेशन को ध्यान से जरूर पढ़ लें।