Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मौसम को लेकर नया अपडेट सामने आया है। मौसम विभाग ने 28 से 31 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश और भूस्खलन से राज्य भर में 135 सड़कें बंद हो गई हैं।
बारिश और भूस्खलन से सड़कें और बिजली-पानी व्यवस्था ठप
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, कुल्लू जिले में सबसे ज्यादा 54 सड़कें बंद हैं। इसके अलावा मंडी में 43, शिमला में 15, चंबा में आठ, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में पांच-पांच, सिरमौर में चार और ऊना में एक सड़क बाधित है। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ है।
खराब मौसम की वजह से राज्य में 38 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और 44 बिजली ट्रांसफॉर्मर भी ठप पड़ गए हैं। 30 जून को मानसून आने के बाद से अब तक भूस्खलन और फ्लैश फ्लड की घटनाओं में 15 लोगों की जान जा चुकी है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
सुंदरनगर में सर्वाधिक बारिश, 1 अगस्त तक बारिश का अनुमान
रविवार शाम तक बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुंदरनगर क्षेत्र में सबसे ज्यादा 65.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है। शिमला मौसम केंद्र ने 1 अगस्त तक पूरे प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है।
मौसम केंद्र ने 28 जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं 29 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर तथा 30 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में बहुत भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।