हिमाचल के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का बयान: कांगड़ा राजनीति में अहम, कैबिनेट विस्तार पर अंतिम फैसला हाईकमान करेगा

Share

- Advertisement -

Palampur News: हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने पालमपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रदेश की राजनीति, कैबिनेट विस्तार और कानून-व्यवस्था पर बेबाक राय रखी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांगड़ा जिला राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण है और कैबिनेट विस्तार का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार में नंबर दो की पोजीशन हमेशा शक के दायरे में रहती है। इस तरह की चर्चाएं और अटकलें राजनीति का सामान्य हिस्सा हैं। उन्होंने अपनी पार्टी निष्ठा दोहराते हुए कहा कि वह हमेशा कांग्रेस मैन रहे हैं और आगे भी कांग्रेस पार्टी के प्रति पूरी तरह वफादार रहेंगे।

कैबिनेट विस्तार और विधायकों को मंत्री बनाने पर फैसला हाईकमान का

आशीष बुटेल को कैबिनेट में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंत्री पद देने का अधिकार मुख्यमंत्री और पार्टी हाईकमान के पास है। सुधीर शर्मा और मुख्यमंत्री के बीच चली बयानबाजी पर मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ विकास और जनता के दुखों को समझने पर ध्यान देती है।

विपक्ष में आक्रामक रहने और सत्ता में शांत दिखने के सवाल पर उन्होंने अपनी भूमिका स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर भाजपा सरकार को हटाना उनका मुख्य लक्ष्य था। अब सत्ता में रहकर वह अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता से निभा रहे हैं।

नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति से होगा खात्मा

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस सरकार की चिंता छोड़कर अपनी विपक्ष की भूमिका सही से निभाएं। नशे के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चिट्टे के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और इसे जल्द खत्म किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नशे के कारोबारियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन को पूरी छूट दी गई है। राज्य सरकार हिमाचल को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने प्रदेश के अन्य महत्वपूर्ण राजनीतिक मुद्दों पर भी अपनी राय रखी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News