Kangra News: हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में खुद को आग लगाने वाले राजस्थान के श्रद्धालु की शुक्रवार को मौत हो गई। टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ा। श्रद्धालु ने मंदिर परिसर में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी, जिससे वह 60 फीसदी झुलस गया था।
मंदिर परिसर में पेट्रोल छिड़ककर लगाई थी आग
यह दर्दनाक घटना गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे गर्भगृह के बाहर पीपल के पेड़ के पास हुई। श्रद्धालु ने अचानक खुद पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा ली। इस अप्रत्याशित घटना से दर्शन के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालुओं और पूरे मंदिर परिसर में अचानक अफरातफरी मच गई।
ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मचारियों और मंदिर प्रशासन ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई। झुलसे श्रद्धालु को तुरंत एंबुलेंस से ज्वालामुखी अस्पताल पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था।
कदम उठाने की असली वजह तलाशने में जुटी पुलिस
डीएसपी ज्वालामुखी संजय शर्मा ने अस्पताल में श्रद्धालु की मौत होने की पुष्टि की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि व्यक्ति ने इतना आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, इसकी पड़ताल की जा रही है। जांच टीमें मृतक के परिवार और उसकी पृष्ठभूमि से जुड़े विवरण जुटाने में लगी हैं।