Shimla News: हिमाचल प्रदेश के महत्वाकांक्षी मटौर-शिमला फोरलेन प्रोजेक्ट में बड़ा बदलाव किया गया है। अब शालाघाट से शिमला तक का हिस्सा ग्रीनफील्ड स्वरूप में बिल्कुल नए सिरे से तैयार होगा। इस नए अलाइनमेंट से दोनों स्थानों के बीच की दूरी घटकर सिर्फ 25 किलोमीटर रह जाएगी और पहाड़ों के बीच पांच टनल बनाई जाएंगी।
नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने नए रूट के अलाइनमेंट सर्वे का काम तेज कर दिया है। एनएचएआई ने इस तकनीकी सर्वे की रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी कास्टा इंजीनियरिंग कंपनी को दी है। कंपनी को दिसंबर तक अपनी विस्तृत रिपोर्ट सौंपनी होगी, जिसके बाद राज्य सरकार की मंजूरी लेकर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
जुब्बड़हट्टी होकर तारादेवी जुड़ेगा मार्ग, कांगड़ा की दूरी घटेगी
प्रस्तावित योजना के अनुसार नया फोरलेन जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के पास से गुजरते हुए सीधे तारादेवी से जुड़ेगा। इससे यात्रा के समय और ईंधन की भारी बचत होगी। पूरे मटौर-शिमला फोरलेन के बनने से कांगड़ा और शिमला के बीच की कुल दूरी में करीब 56 किलोमीटर की बड़ी कमी दर्ज की जाएगी, जिससे सफर सुगम बनेगा।
पुराने रूट पर घणाहट्टी, टुटू और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के पास घनी आबादी होने से भारी तोड़फोड़ का अंदेशा था। साथ ही सर्दियों में नाल्टू, जतोग और बालूगंज में भारी बर्फबारी से सड़क बंद हो जाती थी। इन्हीं अड़चनों को देखते हुए केंद्रीय मंत्रालय ने रिहायशी इलाकों को बचाकर ग्रीनफील्ड निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।