मंडी के धर्मपुर की महिला से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 15.50 लाख की ठगी, फर्जी पुलिस अफसर बनकर जालसाजों ने डराया

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है। धर्मपुर क्षेत्र की एक महिला को फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर डराया गया। जालसाजों ने कानून और गिरफ्तारी का खौफ दिखाकर महिला से उसकी जीवनभर की जमा पूंजी के 15.50 लाख रुपये ठग लिए।

पीड़िता को पहली बार 15 अगस्त को एक अज्ञात कॉल आया था। फोन करने वाली महिला ने खुद को दिल्ली पुलिस का कर्मचारी बताया। इसके बाद एक कथित बड़े अधिकारी से वीडियो कॉल कराई गई। कॉल पर पुलिस की वर्दी पहने व्यक्ति को देखकर महिला बुरी तरह डर गई और उनके झांसे में आ गई।

आरबीआई जांच और कोर्ट का डर दिखाकर ऐंठे पैसे

ठगों ने पीड़िता पर गंभीर मामला दर्ज होने की बात कही। उसे परिवार या बैंक अधिकारियों से बात करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। जालसाजों ने कहा कि उसके बैंक खातों की जांच भारतीय रिजर्व बैंक के माध्यम से हो रही है। अदालत में प्रक्रिया पूरी होने पर पूरी रकम वापस मिलने का झूठा भरोसा दिया गया।

इस मानसिक दबाव में आकर महिला ने दो बार में कुल 15.50 लाख रुपये ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए। करीब एक महीने तक चले इस खेल के बाद जब ठगी का अहसास हुआ, तो पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के सहयोग से साइबर पुलिस थाना मंडी में लिखित शिकायत दी गई।

धर्मपुर पुलिस कर रही जांच, एसपी ने दी सतर्क रहने की सलाह

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। धर्मपुर पुलिस थाना प्रभारी इस मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने जनता से अपील की है कि कोई भी सरकारी एजेंसी वीडियो कॉल पर पैसे ट्रांसफर करने का दबाव नहीं बनाती। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

Mandi cyber fraud case, Digital arrest scam Himachal, Delhi Police impersonation, Dharampur cyber crime, Cyber helpline 1930

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News