Mandi News: अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी ने पोस्ट बेसिक, एमएससी और बीएससी नर्सिंग की मेरिट सूची घोषित कर दी है। इसके साथ ही पैरा मेडिकल और बी फार्मेसी आयुर्वेद में रिक्त 108 सीटों के लिए दूसरे राउंड की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की गई है। अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल से अपना आवंटन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं।
पोस्ट बेसिक और एमएससी नर्सिंग की फाइनल सूची जारी
पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग की फाइनल मेरिट सूची में 747 अभ्यर्थियों को शामिल किया गया है। इसमें मुस्कान शर्मा और अभिलाषा ठाकुर ने नब्बे-नब्बे अंक प्राप्त करके संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया। उधर, एमएससी नर्सिंग की 331 अभ्यर्थियों वाली सूची में 88 अंक लेकर शिवानी चौहान पहले पायदान पर रहीं।
बीएससी नर्सिंग 2026-27 सत्र के लिए 5,065 अभ्यर्थियों की प्रोविजनल मेरिट सूची जारी की गई है। इसमें संचिता देवी 97 अंक लेकर पहले स्थान पर रहीं, जबकि 94 अंक पाकर छह छात्राएं संयुक्त रूप से अगले स्थानों पर रहीं। परीक्षा नियंत्रक ने आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को अपने मूल प्रमाण पत्र जांचने के निर्देश दिए हैं।
पैरा मेडिकल और बी फार्मेसी की 108 सीटों पर काउंसलिंग
विश्वविद्यालय ने दूसरे चरण के लिए प्रोविजनल सीट मैट्रिक्स घोषित कर दिया है। जोगिंद्रनगर स्थित कॉलेज में बी फार्मेसी आयुर्वेद की 10 सीटें रिक्त हैं। इसके अलावा टांडा मेडिकल कॉलेज और आईजीएमसी शिमला में मेडिकल लैब, रेडियोलॉजी और एनेस्थीसिया टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न पैरा मेडिकल कोर्सों में कुल 108 सीटें उपलब्ध हैं।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी ने छात्रों को सलाह दी है कि वे केवल वर्तमान रिक्त सीटों के आधार पर विकल्प न भरें। अपग्रेडेशन और सीट छोड़ने के चलते नई सीटें भी जुड़ सकती हैं। इसलिए अभ्यर्थी अपनी मूल पसंद और प्राथमिकता के क्रम को ध्यान में रखते हुए ही ऑनलाइन विकल्प दर्ज करें।