Shimla News: हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई तेज बारिश और लैंडस्लाइड के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य भर में कुल 70 सड़कें और 60 बिजली ट्रांसफार्मर पूरी तरह बंद हो गए हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग रास्तों को दोबारा खोलने और पावर सप्लाई बहाल करने में जुटे हुए हैं।
सोलन और सिरमौर जिले में सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित
सोलन में पुराने डीसी ऑफिस से धोबीघाट जाने वाली मुख्य सड़क का बड़ा हिस्सा डंगे समेत गिर गया, जिससे वाहनों का मूवमेंट रोक दिया गया है। नगर निगम की टीम रिपेयरिंग में जुटी है। उधर सिरमौर के नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर मलबा आने से दो घंटे तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा, जिसे बाद में हटाया गया।
मौसम विभाग ने जारी किया भारी बारिश का नया अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 31 अगस्त से 2 सितंबर तक राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं 28 से 30 अगस्त के बीच हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज हो सकती है। इस बीच प्रदेश में ऊना का तापमान सबसे ज्यादा 34.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।