Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून अब धीरे-धीरे विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 21 से 24 सितंबर तक राज्य में मौसम पूरी तरह खुला रहेगा। इसके बाद 25 और 26 सितंबर को मैदानी और मध्य पर्वतीय भागों में हल्की वर्षा के आसार हैं, लेकिन भारी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
बारिश में आई कमी के बावजूद 55 सड़कें अभी भी बंद
रविवार को पूरे प्रदेश में खिली धूप से लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि हाल ही में हुई बारिश के असर से राज्य में 55 सड़कें अब भी यातायात के लिए बाधित हैं। संबंधित विभाग रास्तों को सुचारू बनाने के काम में जुटे हैं, जिससे लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में ज्यादा परेशानी न उठानी पड़े।
आपदा जनित हादसों में 329 लोगों की मौत और भारी तबाही
इस मानसून सीजन में प्रदेश भर में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई, फिर भी कुदरत के कहर ने भारी तबाही मचाई। राज्य आपदा परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के अनुसार भूस्खलन, बाढ़ और सड़क हादसों में 329 लोगों की जान चली गई। वहीं 567 लोग घायल हुए हैं और 4 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
संपत्ति का भारी नुकसान और 3217 करोड़ रुपये की कुल चपत
आपदा के चलते 139 रिहायशी मकान, 17 दुकानें और 492 पशुशालाएं पूरी तरह जमींदोज हो चुकी हैं। इसके अलावा 521 घरों को आंशिक नुकसान हुआ है। लोक निर्माण विभाग को सड़कें और पुल टूटने से अकेले 2,744 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है, जबकि कुल सरकारी और निजी नुकसान 3,217 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।