Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार जनवरी से राज्य के गरीब और मध्यम वर्ग के लिए एक नई और बेहतर स्वास्थ्य बीमा व्यवस्था लागू करने जा रही है। यह नई योजना पुरानी ‘हिमकेयर’ नीति का स्थान लेगी। इसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य कवरेज को दोगुना करना और आय के अनुसार प्रीमियम तय करना है।
नई पॉलिसी के तहत पात्र परिवारों को हर साल 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। पुरानी हिमकेयर योजना में यह सीमा 5 लाख रुपये थी। पॉलिसी का प्रीमियम परिवार की सालाना आय के आधार पर 2,000 रुपये से 10,000 रुपये के बीच तय किया जाएगा।
सरकार इस योजना से लगभग 10 लाख परिवारों को जोड़ने की तैयारी कर रही है। इसमें मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल शामिल होंगे और थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के मरीजों को निजी अस्पतालों में भी इलाज मिलेगा। फर्जी बिल रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक का उपयोग किया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत क्लेम का निपटारा बीमा कंपनी के जरिए होगा। इसके लिए ‘हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य बीमा योजना सोसायटी’ ने टेंडर आमंत्रित किए हैं। टेंडर 15 सितंबर से डाउनलोड किए जा सकते हैं। स्वास्थ्य सचिव आशीष सिंहमार के अनुसार, प्रक्रिया पूरी होने के बाद जनवरी में योजना लागू होगी।