Hamirpur News: खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। लगातार छह महीने से डिपो से राशन न लेने वाले कार्डों को विभाग अब अस्थायी रूप से बंद करेगा। सभी डिपो से ऐसे उपभोक्ताओं का रिकॉर्ड जुटाकर जांच करने के आदेश जारी किए गए हैं।
डुप्लीकेट राशन कार्डों को हटाने के लिए चलेगा जांच अभियान
विभाग राशन व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ाने के साथ फर्जी लाभार्थियों की पहचान करने में जुट गया है। रिकॉर्ड की जांच करके एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों की छंटनी होगी। लंबे समय से उपयोग में नहीं आ रहे कार्डों को ब्लॉक करने से पहले उपभोक्ताओं को अपनी स्थिति स्पष्ट करने का मौका दिया जाएगा।
किसी भी राशन कार्ड को स्थायी तौर पर निरस्त करने से पहले संबंधित व्यक्ति को नब्बे दिनों की मोहलत मिलेगी। इस तय समय में लाभार्थी अपनी ई-केवाईसी करवा सकता है। साथ ही क्षेत्रीय स्तर पर सत्यापन कराने का विकल्प भी रहेगा। यदि जांच में उपभोक्ता पात्र पाया जाता है, तो उसे योजना का लाभ लगातार मिलता रहेगा।
मोबाइल पर एसएमएस भेजकर कार्डधारकों को दी जाएगी जरूरी सूचना
राशन कार्ड अस्थायी तौर पर बंद होने की दशा में परिवार के मुखिया के मोबाइल पर एसएमएस भेजा जाएगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने लोगों से समय रहते ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की है। जिले में 320 डिपो के माध्यम से करीब डेढ़ लाख राशन कार्ड धारकों को सस्ता खाद्यान्न उपलब्ध करवाया जा रहा है।
जिला नियंत्रक आंचल ने बताया कि इस सख्त अभियान का मकसद केवल असली और जरूरतमंद लाभार्थियों तक राशन पहुंचाना है। काफी समय से बंद पड़े कार्डों की पहचान करके फर्जीवाड़ा रोका जाएगा। विभाग का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचे और किसी भी पात्र परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।