हिमाचल के सरकारी स्कूलों में तेजी से घटे छात्र, प्राइमरी स्तर पर प्रति विद्यार्थी मासिक खर्च बढ़कर 5219 रुपये पहुंचा

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों का नामांकन लगातार गिर रहा है, जबकि शिक्षकों के वेतन का भार जस का तस है। स्कूल शिक्षा निदेशालय की रिपोर्ट के मुताबिक प्राथमिक स्तर पर प्रति छात्र खर्च बढ़कर 5,219 रुपये मासिक पहुंच गया है। उच्च प्राथमिक में यह खर्च 3,915 रुपये प्रतिमाह आंका गया है।

पांच साल में 85 हजार से ज्यादा घटे प्राइमरी छात्र

यू-डाइस के आंकड़ों के अनुसार साल 2021-22 में पहली से पांचवीं कक्षा तक 3,04,132 छात्र पंजीकृत थे। वर्ष 2025-26 में यह संख्या सिमटकर केवल 2,18,969 रह गई। पिछले पांच वर्षों में 85,163 छात्र कम हुए, जबकि इस दौरान प्राथमिक शिक्षकों के वेतन पर कुल 8,397.35 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

कक्षा छठी से दसवीं तक भी नामांकन में भारी गिरावट दर्ज हुई है। इस वर्ग में छात्रों की संख्या 3,50,650 से घटकर 3,19,289 रह गई। इस अवधि में शिक्षकों के वेतन पर 7,948.48 करोड़ रुपये का भुगतान हुआ। सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 और 2027-28 के लिए प्रति विद्यार्थी व्यय की नई दरों को स्वीकृति दे दी है।

आरटीई के तहत निजी स्कूलों को मिलेगी नई फीस प्रतिपूर्ति

शिक्षा का अधिकार कानून के तहत निजी स्कूलों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की फीस प्रतिपूर्ति अब नई दरों से होगी। प्राथमिक कक्षाओं के लिए 5,219 रुपये और उच्च प्राथमिक के लिए 3,915 रुपये मासिक तय किए गए हैं। यह व्यवस्था अगले दो वित्तीय वर्षों के लिए प्रभावी रहेगी।

कम नामांकन और बढ़ते वित्तीय बोझ के बीच स्कूलों के युक्तीकरण की चुनौती बढ़ गई है। सरकार अब उपलब्ध संसाधनों और शिक्षकों की तैनाती को लेकर सख्त रणनीति बना रही है। जिन विद्यालयों में छात्रों की संख्या बेहद कम है, उन्हें लेकर आने वाले दिनों में प्रशासनिक स्तर पर कड़े फैसले लिए जा सकते हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News