हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में बादल फटने से मची तबाही, अठारह मकान और स्कूल भवन पानी में बहा

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले स्थित शाहपुर क्षेत्र की बोह घाटी में बादल फटने से भारी तबाही हुई है। स्पैड़ा और गढ़गून गांवों में आई अचानक बाढ़ में 18 मकान तथा एक स्कूल भवन बह गया। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया है।

मलबे में फंसी महिला को दो घंटे बाद निकाला

बाढ़ और मलबे की चपेट में आने से एक महिला और दो बच्चे फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, मलबे में दबी महिला को कड़ी मशक्कत के बाद करीब दो घंटे बाद रेस्क्यू किया गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

बोह घाटी के कई गांव बाढ़ से प्रभावित

पहाड़ी पर जोरदार धमाके के साथ आए मलबे ने गढ़गून में 12 घर और स्पैड़ा में 6 मकान पूरी तरह तबाह कर दिए। कई पशुशालाएं ढह जाने से मवेशी नीचे दब गए। इस घटना के बाद डरे हुए ग्रामीण अपने घरों को छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। फिलहाल लोग अपने घरों में लौटने से डर रहे हैं।

भूस्खलन से सड़कें बंद, राहत टीम को हुई परेशानी

एसडीएम शाहपुर डॉ. गणेश ठाकुर ने बताया कि डिब्बा और मलेड नाला के पास भारी भूस्खलन के कारण बोह घाटी का संपर्क कट गया था। लोक निर्माण विभाग ने शाम को मार्ग बहाल किया, जिसके बाद राहत टीमें आगे बढ़ सकीं। सड़क बंद होने से एसडीआरएफ टीम को पहुंचने में काफी परेशानी हुई।

कई ग्रामीणों के घर पूरी तरह से हुए नष्ट

आपदा में अंग्रेज सिंह, दीनो राम, उत्तम चंद, पुरुषोत्तम चंद्र, पप्पू राम, कीमत राम, हामा चंद, ओंकार सिंह, करतार चंद और ठाणा राम के मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं जवाली के न्यांगल गांव में नाले का बहाव मुड़ने से 15 अन्य मकानों पर भी खतरे का साया मंडरा रहा है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News