Shimla News: हिमाचल प्रदेश में 11 दिनों तक लगातार खिली तेज धूप के बाद अब मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 26 से 29 सितंबर तक प्रदेश में आंधी और भारी बारिश की चेतावनी दी है। खासतौर पर दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में 27 सितंबर को मौसम का सबसे ज्यादा असर रहने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की प्रेस रिलीज के अनुसार प्रदेश भर में 26 सितंबर की शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो जाएगा। सिरमौर, शिमला, सोलन, मंडी और बिलासपुर जिलों में 29 सितंबर की सुबह तक रुक-रुक कर तेज बारिश होगी। इस दौरान कई क्षेत्रों में बादलों की तेज गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने का भी खतरा रहेगा।
सिरमौर में अत्यधिक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र ने 27 सितंबर को सिरमौर जिले के लिए बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उसी दिन बिलासपुर, मंडी, शिमला और सोलन में भारी बारिश का येलो अलर्ट रहेगा। इसके अलावा ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में 27 और 28 सितंबर को मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की जाएगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 26 से 28 सितंबर के बीच शिमला, सोलन और सिरमौर में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। 27 सितंबर को बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में भी अंधड़ चलने की संभावना है। राज्य से अभी मॉनसून पूरी तरह विदा नहीं हुआ है, इसलिए जाते-जाते यह तेज असर दिखा सकता है।
मौसम विभाग ने 26 सितंबर को सिरमौर में भारी वर्षा का येलो अलर्ट दिया है। वहीं 28 सितंबर को शिमला, सोलन और सिरमौर में खराब मौसम की चेतावनी जारी रहेगी। सुबह और शाम के समय शिमला और मनाली में ठंड बढ़ गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों को संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।