New Delhi News: चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने गुरुवार को डिफेंस कॉन्क्लेव में स्पष्ट किया कि आधुनिक युद्ध में कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि देश सिर्फ एक मोर्चे की तैयारी का जोखिम नहीं उठा सकता, क्योंकि आने वाले समय में युद्धक्षेत्र आपस में जुड़े और बेहद कड़े होंगे।
तेजी से सीखने और रणनीति में बदलाव करने की क्षमता तय करेगी जीत
सीडीएस ने जोर देकर कहा कि तेजी से सीखने और परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बदलने की क्षमता ही भविष्य के युद्धों में जीत तय करेगी। लगातार हाई-टेक निगरानी के चलते छिपना असंभव हो चुका है। यदि आपकी मौजूदगी का पता चला तो तुरंत सटीक हमला होगा, जिससे अग्रिम मोर्चे और पीछे के क्षेत्रों का अंतर पूरी तरह खत्म हो गया है।
उन्होंने रूस-यूक्रेन संघर्ष का उदाहरण देते हुए रेखांकित किया कि अब युद्ध केवल सीमाओं तक सीमित न रहकर पूरे देश को प्रभावित करता है। आधुनिक तकनीक ने युद्धक्षेत्र को पारदर्शी और अप्रत्याशित बना दिया है। ऐसे में थल, नभ और साइबर स्पेस जैसे कई क्षेत्रों में एक साथ मुकाबला करने के लिए सेना और देश को पूरी तरह तैयार रहना होगा।