Manali News: हिमाचल प्रदेश के मनाली में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां देर रात एक अज्ञात शख्स खिड़की के रास्ते कमरे में घुस गया। उसने वहां सो रही महिला के साथ जबरन छेड़छाड़ की। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता स्थानीय होटल में काम करती है। उसने पुलिस को दी शिकायत में पूरी घटना बताई। पीड़िता के अनुसार रात लगभग 1:30 बजे एक व्यक्ति किचन की खिड़की तोड़कर अंदर आ गया। कमरे में घुसते ही उसने महिला के साथ गलत हरकतें शुरू कर दीं।
आधी रात को वारदात के बाद आरोपी मौके से हुआ फरार
महिला ने जब विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद आरोपी उसी खिड़की के रास्ते बाहर भाग गया। मनाली पुलिस ने बीएनएस की धारा 331(4) और 74 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस टीम अब आरोपी की तलाश कर रही है।