Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला स्थित घटासनी क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मां ने चार साल के मासूम बेटे को कथित तौर पर जहर दे दिया। इसके बाद उसने खुद भी वही जहरीला पदार्थ निगल लिया। दोनों को नाजुक हालत में नेरचौक मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
पंचायत जिल्हण के सिल्हासवाड़ गांव में रविवार सुबह यह सनसनीखेज वारदात हुई। परिजनों के अनुसार 26 साल की जय ललिता और उसके चार साल के बेटे कनिष्क की तबीयत अचानक बिगड़ी। जब यह घटना हुई, उस वक्त घर पर कोई भी मौजूद नहीं था। परिवार के अन्य सदस्य अपने रोजमर्रा के काम से बाहर गए थे।
घर पर किसी के न होने पर उठाया खौफनाक कदम
महिला का पति पवन कुमार पेशे से मिस्त्री है। वह सुबह टिंडूनाला में एक मकान की छत पर लेंटर डालने गया हुआ था। वहीं, महिला के सास और ससुर खेतों में आलू की फसल निकालने गए थे। घर में अकेला पाकर महिला ने खुद और बेटे को जहरीला पदार्थ खिला दिया। कुछ देर बाद दोनों तड़पने लगे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने आनन-फानन में परिजनों को फोन किया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों को जोगेंद्रनगर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज दिया, लेकिन गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक के लिए रेफर कर दिया।
कमरे से बरामद हुई कीटनाशक दवा की खाली शीशी
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत के उपप्रधान विजय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। उपप्रधान ने बताया कि कमरे की तलाशी लेने पर वहां से नुवान की खाली शीशी बरामद हुई है। महिला ने इतना घातक फैसला आखिर क्यों उठाया, इसके असली कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो पाया है। पूरे इलाके में इस बात की चर्चा है।
पद्धर के डीएसपी लोकेंद्र नेगी ने इस मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम पूरी घटना की गंभीरता से छानबीन कर रही है। परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही जहर निगलने की असली वजह साफ हो पाएगी।