Bengaluru News: बेंगलुरु के नगरभावी इलाके में कॉलेज के दो सहपाठियों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। सीनियर छात्रा पर टिप्पणी को लेकर हुए झगड़े में 19 वर्षीय बीकॉम छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है।
सीनियर छात्रा पर टिप्पणी के बाद कॉलेज के पीछे बुलाया
मृतक छात्र की पहचान नागदेवनहल्ली निवासी योगेश के रूप में हुई है, जो नगरभावी के एक निजी कॉलेज में पढ़ता था। उसका सहपाठी भुवन कॉलेज की एक सीनियर छात्रा का लगातार पीछा करता था। योगेश द्वारा छात्रा पर अपमानजनक टिप्पणी करने के बाद दोनों पक्षों में भारी तनाव पैदा हो गया था।
टिप्पणी से नाराज भुवन और एक नाबालिग ने लग्गेरे से अपने साथियों को बुलाया। आरोपियों ने योगेश को दोपहर में कॉलेज कैंपस के पीछे बातचीत के लिए बुलाया। योगेश अपने दोस्त के साथ वहां पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई और माहौल तेजी से हिंसक हो गया।
ऑनलाइन खरीदे गए चाकू से हमला, चार आरोपी हिरासत में
विवाद बढ़ने पर एक नाबालिग ने अचानक ऑनलाइन खरीदा गया चाकू निकाला और योगेश की छाती में घोंप दिया। गंभीर हालत में दोस्त उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के तुरंत बाद हमलावर मौके से फरार हो गए थे।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय मनोज समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए तीन आरोपी 17 वर्षीय नाबालिग हैं, जिन्हें जुवेनाइल होम भेज दिया गया है। वहीं पुलिस कस्टडी में मौजूद मनोज से पूछताछ जारी है और फरार मुख्य आरोपी भुवन की तलाश की जा रही है।