भारत में दूसरी सबसे ज्यादा बोली जाने वाली भाषा उर्दू नहीं, जानिए आधिकारिक आंकड़ों में किसने मारी बाजी

Share

- Advertisement -

New Delhi News: देश में आम धारणा के विपरीत दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा उर्दू नहीं बल्कि बंगाली है। आधिकारिक जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक हिंदी पहले और बंगाली दूसरे स्थान पर काबिज है। इसके बाद मराठी और तेलुगु जैसी प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं का नंबर आता है, जो भाषाई विविधता को दर्शाती हैं।

आधिकारिक जनगणना के अनुसार हिंदी देश की सबसे बड़ी भाषा बनी हुई है। देश की लगभग 43.63 प्रतिशत आबादी इसे अपनी मातृभाषा मानती है। इसके मूल वक्ताओं की कुल संख्या करीब 52.83 करोड़ दर्ज की गई है। इस वर्ग में भोजपुरी, राजस्थानी, छत्तीसगढ़ी और हिमाचली समेत 50 से अधिक बोलियों को शामिल किया गया है।

बंगाली दूसरे और मराठी तीसरे स्थान पर काबिज

बंगाली देश में दूसरी सबसे अधिक बोली जाने वाली भाषा के रूप में उभरी है। कुल जनसंख्या का 8.03 प्रतिशत हिस्सा इसे बोलता है। इसके बोलने वालों की संख्या 9.72 करोड़ के करीब है। पश्चिम बंगाल के अलावा त्रिपुरा, असम की बराक घाटी और अंडमान निकोबार में भी यह बड़े स्तर पर बोली जाती है।

मराठी भाषा 8.3 करोड़ वक्ताओं के साथ तीसरे पायदान पर मौजूद है। यह आबादी का लगभग 6.86 प्रतिशत हिस्सा बनती है। महाराष्ट्र और गोवा में इसका सर्वाधिक प्रभाव है। आंकड़ों में मराठी ने तेलुगु को पीछे छोड़ दिया है। वहीं तेलुगु 8.11 करोड़ वक्ताओं और 6.70 फीसदी हिस्सेदारी के साथ चौथे स्थान पर स्थित है।

शीर्ष दस भाषाओं में तमिल और उर्दू की स्थिति

तमिल भाषा 6.9 करोड़ बोलने वालों और 5.70 प्रतिशत आबादी के साथ पांचवें स्थान पर दर्ज है। छठे स्थान पर गुजराती भाषा आती है, जिसे 5.54 करोड़ लोग बोलते हैं। यह कुल आबादी का 4.58 प्रतिशत हिस्सा है। इसके बाद सातवें पायदान पर उर्दू भाषा आती है, जिसके वक्ताओं की कुल संख्या 5.07 करोड़ है।

उर्दू देश की लगभग 4.19 प्रतिशत आबादी द्वारा बोली जाती है। यह उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना में विस्तृत है। इसके बाद कन्नड़ 4.37 करोड़ वक्ताओं के साथ आठवें, ओड़िया 3.75 करोड़ के साथ नौवें और मलयालम 3.48 करोड़ बोलने वालों के साथ शीर्ष दस भाषाओं की सूची में अपनी जगह बनाती हैं।

संविधान की आठवीं अनुसूची में दर्ज 22 प्रमुख भाषाओं को देश की करीब 96.71 प्रतिशत आबादी बोलती है। आंकड़ों से स्पष्ट है कि हिंदी के बाद बंगाली सबसे प्रमुख भाषा है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News