ऊना में हैरान करने वाली साइबर ठगी, मोबाइल फोन अचानक हुआ डार्क मोड में और खाते से उड़े 30 हजार रुपये

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित डेरा बाबा रुद्रानंद क्षेत्र से साइबर फ्रॉड का बेहद अजीब मामला सामने आया है। यहां नंगल सलांगड़ी निवासी एक व्यक्ति को शातिर ठगों ने अपना शिकार बनाया। पीड़ित के बैंक खाते से 30 हजार रुपये की रकम पार कर दी गई, जिससे इलाके के लोग भी दंग रह गए हैं।

फोन डार्क मोड में जाते ही सिस्टम हुआ पूरी तरह से लॉक

पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक उनका फोन डार्क मोड में चला गया। उन्हें लगा कि शायद मोबाइल में कोई सामान्य सिस्टम अपडेट चल रहा है। उन्होंने हैंडसेट को स्विच ऑफ करने की काफी कोशिश की, लेकिन बटन ने काम नहीं किया। लगभग एक घंटे बाद मोबाइल सामान्य स्थिति में वापस आया।

इसके तुरंत बाद पीड़ित के पास बैंक से कॉल आई, जिसमें बीस हजार रुपये निकालने की पुष्टि मांगी गई। व्यक्ति ने ऐसी किसी भी निकासी से साफ इनकार कर दिया। अनहोनी की आशंका होते ही जब उन्होंने यूपीआई ऐप से बैलेंस चेक किया, तो खाते से तीस हजार रुपये कटने का पता चला।

शिकायत के बाद बैंक खाते फ्रीज और पुलिस जांच तेजी से शुरू

शातिर ठग बार-बार अलग-अलग रकम दर्ज करके खाते से बाकी बची रकम निकालने की लगातार कोशिश कर रहे थे। स्थिति को भांपते हुए पीड़ित ने बिना देरी किए 1930 हेल्पलाइन पर कॉल कर शिमला साइबर सेल में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके साथ ही उन्होंने अपने सभी बैंक खाते तुरंत प्रभाव से ब्लॉक करवा दिए।

व्यक्ति ने शनिवार को साइबर सेल ऊना के समक्ष पेश होकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। साइबर एक्सपर्ट्स अब उस तकनीकी तरीके की पड़ताल कर रहे हैं जिसके जरिए फोन का कंट्रोल दूर बैठकर हैक किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों को किसी भी अनजान एक्टिविटी के प्रति सावधान रहने की अपील की है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News