Hyderabad News: हैदराबाद के राजेंद्रनगर थाना क्षेत्र स्थित वट्टापल्ली में दस रुपये के छुट्टे पैसों को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। किराए के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि असामाजिक तत्वों के समूह ने मिलकर ऑटो ड्राइवर की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय विधायक मोहम्मद मुबीन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी ने दस रुपये किराए के बदले 200 रुपये का नोट थमाया था। इसके बाद अजीम नाम के शख्स ने अपने साथियों को बुला लिया। आरोपियों ने ऑटो चालक की पत्नी और बच्चों के सामने ही सड़क पर उसे बेरहमी से पीट डाला।
इलाके में हिस्ट्रीशीटरों की गुंडागर्दी पर उठे सवाल
विधायक ने आरोप लगाया कि इस हमले में शामिल लोग इलाके के कुख्यात हिस्ट्रीशीटर हैं और खुद को फर्जी पहचान देकर दबंगई दिखाते हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी मार्ग पर एक महीने के अंदर यह दूसरी हत्या की घटना है। इस वारदात के बाद से स्थानीय लोगों और परिजनों में भारी रोष है।
जनप्रतिनिधि ने पुलिस कमिश्नर और डीसीपी से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग उठाई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम हमलावरों की पहचान और धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।