हिमाचल स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मैट्रिक और 12वीं के पुनर्मूल्यांकन के बाद छात्रों को दिया कम्पार्टमेंट परीक्षा का विशेष मौका

Share

- Advertisement -

Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने मार्च-2026 की मैट्रिक और 12वीं परीक्षा के पुनर्मूल्यांकन व रीचेकिंग परिणाम जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने 222 मैट्रिक और 154 जमा दो के छात्रों को सितंबर-2026 में होने वाली कम्पार्टमेंट और आवश्यक सुधार परीक्षा में बैठने का विशेष अवसर दिया है।

3 अगस्त से शुरू होगी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि यह परीक्षा राज्य मुक्त विद्यालय (एसओएस) की सितंबर-2026 परीक्षा के साथ आयोजित होगी। इसके लिए पात्र उम्मीदवार 3 अगस्त 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। छात्र 6 अगस्त तक बिना विलंब शुल्क आवेदन कर सकेंगे, जबकि 10 अगस्त तक 1000 रुपये लेट फीस देनी होगी।

- Advertisement -

मैट्रिक कम्पार्टमेंट, आवश्यक सुधार और जमा दो कम्पार्टमेंट परीक्षा के लिए परीक्षा शुल्क 700 रुपये तय किया गया है। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि यह विशेष मौका उन विद्यार्थियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, जो पुनर्मूल्यांकन के बाद कम्पार्टमेंट श्रेणी में आए हैं। सभी छात्र अपने स्कूलों के माध्यम से ही समय पर आवेदन सुनिश्चित करें।

स्कूलों को दिए गए निर्देश, समय पर कराएं आवेदन

बोर्ड अध्यक्ष ने सभी स्कूल प्रिंसिपलों और संस्थाध्यक्षों से अनुरोध किया है कि वे छात्रों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी देकर समय पर फॉर्म भरवाएं। उन्होंने छात्रों से अंतिम तारीख का इंतजार न करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्य परीक्षा के इंटरनल असेसमेंट और प्रैक्टिकल परीक्षा के अंक पहले की तरह ही मान्य रहेंगे।

अधूरे या ऑफलाइन माध्यम से भेजे गए आवेदन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड छात्रों के शैक्षणिक भविष्य की सुरक्षा और उन्हें बेहतर मौके देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उम्मीद जताई कि छात्र इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर अपना भविष्य संवारेंगे।

- Advertisement -
Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News