Delhi News: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। सीएनएन-न्यूज18 के सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है। पूनावाला ने इसके पीछे निजी कारणों का हवाला दिया है, हालांकि इस्तीफे की मुख्य वजह पूरी तरह साफ नहीं हो सकी है।
सोशल मीडिया बायो में किया बदलाव, आधिकारिक बयान का इंतजार
सूत्रों के मुताबिक, शहजाद पूनावाला जल्द ही अपने इस्तीफे को लेकर आधिकारिक बयान जारी करेंगे। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उनके बायो से बीजेपी का जिक्र हट गया है, जहां उन्होंने खुद को पीएम मोदी का आजीवन समर्थक लिखा है। हालांकि, उनके इंस्टाग्राम बायो में अब भी बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता लिखा हुआ है।
कांग्रेस से शुरू किया था सफर, 2017 में की थी बगावत
पेशा से वकील और नागरिक अधिकार कार्यकर्ता पूनावाला ने अपना राजनीतिक सफर कांग्रेस से शुरू किया था। साल 2017 में राहुल गांधी के अध्यक्ष बनने की प्रक्रिया पर धांधली का आरोप लगाकर वह सुर्खियों में आए थे। इस विवाद के बाद कांग्रेस और उनके परिवार ने उनसे दूरी बना ली थी, जिसके बाद वे बीजेपी में शामिल हो गए थे।