20वें एशियाई खेलों के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम का हुआ ऐलान, हरमनप्रीत सिंह संभालेंगे कप्तानी

Share

- Advertisement -

New Delhi News: हॉकी इंडिया ने 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियाई खेलों के लिए 20 सदस्यीय भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। स्टार डिफेंडर और ड्रैग-फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह को टीम की कप्तानी सौंपी गई है।

घोषित की गई टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का बेहतरीन संतुलन देखने को मिला है। अनुभवी मिडफील्डर मनप्रीत सिंह सबसे वरिष्ठ खिलाड़ियों में शामिल हैं। वहीं गोलकीपिंग की जिम्मेदारी मोहित एचएस और सूरज करकेरा के कंधों पर रहेगी।

- Advertisement -

डिफेंस में जरमनप्रीत, अमित रोहिदास, जुगराज, संजय, सुमित और यशदीप सिवाच को शामिल किया गया है। मिडफील्ड में हार्दिक, मनप्रीत, राजिंदर, राज कुमार पाल, नीलाकांता और विवेक सागर होंगे। फॉरवर्ड लाइन में दिलप्रीत, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत, मनदीप और अभिषेक को जगह मिली है।

भारत को पूल-ए में मिली जगह, स्वर्ण पदक विजेता को सीधा ओलंपिक टिकट

भारतीय टीम को पूल-ए में मेजबान जापान, कोरिया, बांग्लादेश, श्रीलंका और इंडोनेशिया के साथ रखा गया है। हॉकी के सभी मुकाबले जापान के काकामिगहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले जाएंगे। एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम को सीधे लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का टिकट मिलेगा।

मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने कहा कि टीम में अनुभव और प्रतिभा का शानदार मिश्रण है। सभी खिलाड़ी आगामी चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं। वहीं कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भरोसा जताया कि टीम बिना दबाव के खेलकर देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने की पूरी कोशिश करेगी।

भारत अपने अभियान की शुरुआत 20 सितंबर को इंडोनेशिया के खिलाफ मैच से करेगा। इसके बाद टीम 22 सितंबर को श्रीलंका, 24 सितंबर को कोरिया, 26 सितंबर को जापान और 28 सितंबर को बांग्लादेश के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

- Advertisement -
Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News