Glasgow News: भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने क्वार्टर फाइनल में नॉर्दर्न आयरलैंड की कैटलिन फ्रायर्स को 5-0 से हराकर कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पदक पक्का कर लिया है। साक्षी ने महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में अपनी जगह बनाई।
साक्षी ने पूरे मुकाबले में शांत और सटीक प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी बेहतरीन मूवमेंट और सटीक पंचों के दम पर प्रतिद्वंद्वी पर लगातार दबाव बनाए रखा। तीनों राउंड में 5-0 से एकतरफा जीत दर्ज करते हुए उन्होंने अंतिम चार का टिकट हासिल किया।
अब गोल्ड मेडल मैच में प्रवेश करने के लिए साक्षी शुक्रवार को सेमीफाइनल में कनाडा की एम्बर-जेन वॉल का सामना करेंगी। इससे पहले उन्होंने बोत्सवाना की लेथाबो मोडुकानेले को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।
अन्य भारतीय मुक्केबाज़ भी पदक की दौड़ में शामिल
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के कई अन्य मुक्केबाज भी रिंग में उतरेंगे। महिलाओं के 70 किग्रा क्वार्टर फाइनल में अरुंधति चौधरी का सामना न्यूजीलैंड की मॉर्गन हेंडरसन से होगा। पुरुषों के 60 किग्रा वर्ग में सचिन सिवाच बोत्सवाना के ट्रेजर मोरेमी से भिड़ेंगे।
पुरुषों के 80 किग्रा में अंकुश यादव का मुकाबला सेशेल्स के जेड मिकॉक से होगा। इसके अलावा पुरुषों के 90+ किग्रा क्वार्टर फाइनल में नरेंद्र बेरवाल की भिड़ंत समोआ के माइकल सेको से होगी, जहां भारत को जीत की पूरी उम्मीद है।
ग्लासगो में अब तक भारत ने जीते 12 पदक
ग्लासगो में जारी इन खेलों में भारतीय एथलीटों का प्रदर्शन शानदार रहा है। भारत अब तक कुल 12 पदक जीत चुका है, जिनमें दो स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदक शामिल हैं।
स्वर्ण पदक विजेताओं में भारोत्तोलक मीराबाई चानू और शॉट पुट खिलाड़ी शर्मिला धनकड़ शामिल हैं। वहीं, ऋषिकांत सिंह, ज्ञानेश्वरी यादव, सर्वेश कुशारे, गुलवीर सिंह और हरजिंदर कौर जैसे एथलीटों ने रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया है।