Cricket News: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टेस्ट कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास का ऐलान कर दिया है। 38 वर्षीय दिग्गज बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा कर अपने फैसले की जानकारी दी।
लंबे समय से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे रहाणे ने अपनी पोस्ट में लिखा कि जिंदगी में हर चीज का एक वक्त होता है। बल्लेबाजी में टाइमिंग को अहम मानने वाले रहाणे ने कहा कि संन्यास के लिए यह बिल्कुल सही समय है।
शानदार करियर और टेस्ट आंकड़ों पर एक नजर
अजिंक्य रहाणे ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था और अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला। उन्होंने भारत के लिए 85 टेस्ट मैचों में 12 शतकों की मदद से 5,077 रन बनाए।
रहाणे ने भारत के लिए 90 वनडे मैचों में 2,962 रन और 20 टी20 मैचों में 375 रन बनाए। उनके नाम वनडे में 3 शतक दर्ज हैं। उनका आखिरी फर्स्ट क्लास मैच पिछले साल मुंबई की तरफ से हिमाचल प्रदेश के खिलाफ था।
गाबा में ऐतिहासिक जीत और अजेय कप्तानी का रिकॉर्ड
अजिंक्य रहाणे का टेस्ट कप्तान के तौर पर रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 6 टेस्ट मैचों में कप्तानी की, जिनमें से भारत ने 4 में जीत दर्ज की और 2 मैच ड्रॉ रहे। वह बतौर कप्तान कभी टेस्ट मैच नहीं हारे।
साल 2020-21 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी उनके करियर का सबसे यादगार पल रही। एडिलेड में शर्मनाक हार के बाद रहाणे की कप्तानी में भारत ने मेलबर्न और गाबा टेस्ट जीतकर ऑस्ट्रेलिया की धरती पर ऐतिहासिक 2-1 से सीरीज अपने नाम की थी।