Hyderabad News: जंतर-मंतर पर छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेक और आपत्तिजनक तस्वीरें-वीडियो वायरल करने पर हैदराबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मेटा इंडिया के प्रमुख अरुण श्रीनिवास और कई अकाउंट्स के खिलाफ केस दर्ज किया है। आपत्तिजनक पोस्ट्स पर समय रहते रोक न लगाने को लेकर यह एफआईआर हुई है।
बीजेपी कार्यकर्ता और बिजनेसमैन की शिकायत पर कार्रवाई
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार बिजनेसमैन एस अरविंद रेड्डी और तेलंगाना बीजेपी कार्यकर्ता टी साईकिरण गौड़ की शिकायत पर यह केस दर्ज हुआ है। शिकायतकर्ताओं ने इंस्टाग्राम पर पीएम मोदी की कई मॉर्फ्ड तस्वीरें देखी थीं। इन पोस्ट्स में अश्लील भाषा, भ्रामक बातें और अनुचित टिप्पणियां मौजूद थीं जो तेजी से फैल रही थीं।
सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा
शिकायत में कहा गया है कि ऐसी पोस्ट्स जनता को गुमराह करने, नफरत फैलाने और शांति भंग करने का काम करती हैं। NEET और पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन में गाली-गलौज की सीमा पार की गई। इस तरह का भ्रामक कंटेंट सार्वजनिक हस्तियों के सम्मान और कानून-व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा बन चुका है।
हैदराबाद पुलिस ने आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मेटा को नोटिस भेजकर संबंधित कंटेंट हटाने के निर्देश दिए हैं। यह पहला मौका है जब मेटा के भारत प्रमुख को सह-आरोपी बनाया गया है। एआई-जनरेटेड फेक कंटेंट को रोकने के लिए सरकारें सख्त रुख अपना रही हैं।