हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एसएफआई और एबीवीपी छात्रों में खूनी झड़प, 6 घायल, 5 छात्र गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) परिसर में शनिवार को एसएफआई और एबीवीपी से जुड़े छात्र गुटों के बीच दो बार हिंसक झड़प हुई। समरहिल चौक और वीसी कार्यालय के पास हुई इस मारपीट में करीब आधा दर्जन छात्र घायल हो गए। घायलों का आईजीएमसी में इलाज चल रहा है। परिसर में पुलिस बल तैनात है।

पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद की शुरुआत समरहिल चौक पर पुरानी रंजिश को लेकर हुई बहस से हुई थी। देखते ही देखते छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि हमलावरों ने लाठियों, डंडों, हॉकी और लोहे की रॉड का खुलकर इस्तेमाल किया। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को शांत कराया।

इसके कुछ ही देर बाद दोनों गुटों के कार्यकर्ता कुलपति कार्यालय के पास फिर आमने-सामने आ गए। वहां भी छात्रों के बीच जमकर धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और स्थिति को नियंत्रण में लिया। हिंसा के बाद विश्वविद्यालय परिसर में भारी तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद परिसर में पुलिस जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। दोनों छात्र संगठनों ने एक-दूसरे पर पहले हमला करने का आरोप लगाया है। बालूगंज थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस एफआईआर दर्ज कर ली है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों गुटों के पांच छात्रों को निवारक धाराओं में गिरफ्तार किया है।

शिमला के एसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुरानी घटना को लेकर छात्रों में कहासुनी के बाद झड़प हुई थी। सूचना मिलते ही बालूगंज पुलिस, क्यूआरटी और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुष्टि की कि मारपीट में कुछ छात्रों को चोटें आई हैं। स्थिति को संभालने और शांति बनाए रखने के लिए पांच छात्रों को हिरासत में लिया गया है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News