Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के शांकली क्षेत्र में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची को लावारिस कुत्ता जबड़े में दबाकर ले गया। पड़ोसियों ने हिम्मत दिखाते हुए बच्ची को बचाया। घायल बच्ची को तुरंत उपचार के लिए आईजीएमसी अस्पताल ले जाया गया।
रविवार शाम करीब चार बजे रमनदीप सिंह की दो वर्षीय बेटी गेट के पास खेल रही थी। तभी अचानक पहुंचे एक कुत्ते ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला और जंगल की तरफ घसीटने लगा। बच्ची के चिल्लाने पर लोगों ने कुत्ते को घेर लिया। हमले में बच्ची के चेहरे, पीठ और पैरों पर गहरे घाव आए हैं।
राजधानी में साढ़े तीन हजार से अधिक आवारा कुत्ते सक्रिय
नगर निगम के सर्वेक्षण के मुताबिक शिमला में साढ़े तीन हजार से ज्यादा लावारिस कुत्ते घूम रहे हैं। शहर भर में हर महीने डॉग बाइट के 150 से अधिक मामले दर्ज हो रहे हैं। खलीनी, विकासनगर और ढली जैसे उपनगरों में भी पहले स्कूली बच्चों पर जानलेवा हमले हो चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल है।
मेयर सुरेंद्र चौहान ने बताया कि आक्रामक कुत्तों को पकड़ने के लिए डॉग हट का विस्तार किया जा रहा है। अक्टूबर के पहले हफ्ते से कुत्तों के टीकाकरण का बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। नगर निगम ने सौ से ज्यादा हमलावर कुत्तों को पहले ही चिह्नित किया है, जिन्हें जल्द शहर के मुख्य बाजारों से हटाया जाएगा।