Rangpur News: बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक रिटायर्ड शिक्षक और उनके परिवार के तीन अन्य सदस्यों के शव एक बंद मकान के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले हैं। पुलिस और सीआईडी की टीमें मौके पर पहुंचकर इस रहस्यमय मामले की जांच कर रही हैं।
यह घटना रंगपुर के दासपाड़ा इलाके की है। मृतकों में 65 वर्षीय पूर्व शिक्षक गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता, 23 साल की बेटी अगामी और 12 साल का बेटा प्रियाम शामिल हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, शनिवार देर रात पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चारों के शव बरामद किए।
गुरुवार से बंद थे सभी सदस्यों के मोबाइल फोन
परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर को परिवार से आखिरी बार बात हुई थी। इसके बाद रात से सभी के मोबाइल फोन बंद आने लगे। शनिवार रात जब प्रीतिलता की बहन घर पहुंची, तो वहां मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। अंदर लाइटें बंद थीं, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के अनुसार, चारों शव घर में अलग-अलग जगहों पर पड़े थे। गणपति का शव छत पर, पत्नी और बेटी के शव सीढ़ियों के पास और बेटे का शव बेड के नीचे मिला। परिजनों ने बताया कि गणपति की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथिक प्रैक्टिस करते थे।
फॉरेंसिक टीम और सीआईडी कर रही घटना की जांच
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के साथ अब क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) और डिटेक्टिव ब्रांच भी मामले की गहन जांच में जुट गई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मौतों के सही समय, असल कारण और इस घटना के पीछे के मकसद का पता लगा रही है।