राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के बिलासपुर दौरे का शेड्यूल बदला, श्रीनयनादेवी जी का कार्यक्रम रद्द, एम्स पहुंचने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट

Share

- Advertisement -

Bilaspur News: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के छह अक्टूबर को प्रस्तावित बिलासपुर दौरे के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव हुआ है। राष्ट्रपति कार्यालय ने उनके आधिकारिक शेड्यूल में संशोधन करते हुए श्रीनयनादेवी जी दर्शन की योजना को रद्द कर दिया है। अब राष्ट्रपति श्री आनंदपुर साहिब से सीधे सुबह 10:35 बजे एम्स बिलासपुर पहुंचेंगी।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। सुबह नौ बजे से नौणी चौक से एम्स जाने वाले मुख्य मार्ग को आम आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद रखा जाएगा। इस समयावधि के दौरान केवल एम्बुलेंस जैसे जरूरी और आपातकालीन वाहनों को ही आने-जाने की अनुमति मिलेगी।

प्रशासन की ओर से तैयार शुरुआती ट्रैफिक प्लान के तहत मंडी से शिमला और सोलन जाने वाली गाड़ियों को घागस से वाया जुखाला होकर ब्रहमपुखर की तरफ भेजा जाएगा। इस रूट डायवर्जन से मुख्य मार्ग पर किसी प्रकार की जाम की स्थिति नहीं बनेगी और आम लोगों को आवाजाही में ज्यादा परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

चंडीगढ़ से आने वाले वाहनों को फोरलेन मार्ग से जामली, वाया लागघाट और दयोथ होकर ब्रहमपुखर भेजा जाएगा। इसी तरह बिलासपुर और हमीरपुर जिलों से जाने वाले वाहनों को भी इसी वैकल्पिक रास्ते से निकाला जाएगा। सुरक्षा कारणों से विभिन्न चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रहे।

उधर, बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नए आधिकारिक शेड्यूल के आधार पर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। एम्स बिलासपुर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले लिया गया है और सभी विभागों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि कार्यक्रम बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News