छठ महापर्व से देश में 65,000 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान, कैट की रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े

Share

- Advertisement -

New Delhi News: आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक छठ महापर्व स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए भी बड़ा आधार बनकर उभरा है। कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के आकलन के अनुसार, देशभर में लगभग 11 करोड़ लोग यह पर्व मना रहे हैं, जिससे बिहार, झारखंड और दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों में 65,000 करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान है।

    कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की ‘सनातन अर्थव्यवस्था’ पर आधारित विशेष अध्ययन परियोजना के तहत यह व्यापारिक आकलन जारी किया गया है। इस आकलन के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान बिहार में लगभग 20,000 करोड़ रुपये, दिल्ली में 12,000 करोड़ रुपये और झारखंड में करीब 7,000 करोड़ रुपये का व्यापार होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त, देश के अन्य राज्यों में शेष 26,000 करोड़ रुपये का कारोबार अनुमानित है।

    कैट के राष्ट्रीय महामंत्री और चांदनी चौक से सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने बताया कि बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश इस महापर्व के प्रमुख केंद्र हैं। यहां के बड़े घाटों, श्रद्धालुओं की व्यापक भागीदारी और स्थानीय बाजारों में भारी खरीदारी से व्यापारिक गतिविधियों को बड़ी गति मिलती है।

    दिल्ली-एनसीआर और प्रवासी बहुल राज्यों में भी बड़ा बाजार

    प्रवीन खंडेलवाल के अनुसार, पूर्वांचल की बड़ी आबादी के कारण दिल्ली-एनसीआर भी छठ से जुड़े व्यापार का एक प्रमुख केंद्र बन गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रवासी समुदायों की बड़ी संख्या होने से वहां भी यह पर्व उत्साह के साथ मनाया जाता है, जिससे स्थानीय बाजारों को लाभ होता है।

    नदियों, तालाबों और अस्थायी रूप से तैयार किए गए घाटों पर होने वाले आयोजनों से परिवहन, खानपान, टेंट, लाइटिंग और सुरक्षा जैसे सेवा क्षेत्रों में व्यापक कारोबार होता है। साथ ही, राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों द्वारा घाटों की व्यवस्था, स्वच्छता, प्रकाश और सुरक्षा पर किए जाने वाले व्यय से भी आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है।

    पारंपरिक कारीगरों, कुम्हारों और किसानों को सीधा लाभ

    छठ पूजा में पारंपरिक और प्राकृतिक वस्तुओं के उपयोग के कारण ग्रामीण और कुटीर उद्योगों को सीधा आर्थिक संबल मिलता है। बांस से बने सूप, दउरा, डलिया और टोकरियों की भारी मांग से बांस शिल्प से जुड़े कारीगरों को रोजगार और आय प्राप्त होती है। वहीं, केला, नारियल, गन्ना, मौसमी फल और सब्जियों की खरीदारी से किसानों और थोक व्यापारियों को बड़ा बाजार मिलता है।

    इसके साथ ही ठेकुआ, गुड़, चावल, गेहूं का आटा, घी और दूध जैसे खाद्य पदार्थों की बिक्री बढ़ती है। मिट्टी के दीये, पारंपरिक चूल्हे, कलश, मिट्टी के बर्तन और पत्तल की मांग से कुम्हारों और छोटे उद्यमियों को लाभ होता है। साड़ियों, पारंपरिक परिधानों, फूल-मालाओं और पूजा सामग्री की खरीदारी भी बाजारों में रौनक लाती है।

    ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन को मिल रही मजबूती

    प्रवीन खंडेलवाल ने कहा, “छठ पूजा इस बात का अद्भुत उदाहरण है कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराएं किस प्रकार आर्थिक विकास की शक्तिशाली वाहक बन सकती हैं। यह पर्व आस्था को आजीविका से जोड़ते हुए किसानों, व्यापारियों, कारीगरों, महिला उद्यमियों और छोटे कारोबारियों को एक सशक्त आर्थिक श्रृंखला में जोड़ता है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’, स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने का उत्कृष्ट माध्यम है।”

    उन्होंने आगे कहा, “जब कोई व्यक्ति स्थानीय कारीगर से बांस की टोकरी, कुम्हार से मिट्टी का दीया, स्वदेशी उत्पाद या किसान से फल खरीदता है, तो वह सीधे भारतीय उत्पादकों की आजीविका और देश की घरेलू अर्थव्यवस्था को मजबूत करता है। हमारे त्योहार केवल आस्था के उत्सव नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, जमीनी स्तर पर आर्थिक समृद्धि और राष्ट्र निर्माण के शक्तिशाली माध्यम भी हैं।”

    खंडेलवाल ने कहा कि अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा प्रकृति के प्रति सम्मान और अनुशासन को दर्शाती है। बांस, मिट्टी और पत्तों जैसे प्राकृतिक उत्पादों का उपयोग पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली को प्रोत्साहित करता है और भारत की सांस्कृतिक विरासत को विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार बनाता है।

    Read more

    Related News