राजनीति से संन्यास की अटकलों पर नितिन गडकरी ने लगाया विराम, कहा- मैं रिटायर नहीं हो रहा हूं

Share

- Advertisement -

Nagpur News: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से रिटायर होने की अटकलों पर विराम लगाते हुए साफ किया है कि वह संन्यास नहीं ले रहे हैं। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि काटोल में दिए गए उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया। उनका इशारा अगली पीढ़ी को अनुभव सौंपने से था।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से संन्यास लेने और केंद्रीय मंत्रिमंडल से विदाई की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गडकरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह रिटायर नहीं हो रहे हैं। उन्होंने मीडिया में चल रही खबरों को गलत बताया और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्होंने युवाओं को आगे लाने की बात कही थी, लेकिन इसे उनके रिटायरमेंट की खबर बना दिया गया।

पिछले कुछ दिनों से गडकरी के एक बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। कुछ वर्गों ने इसे सक्रिय राजनीति छोड़ने का संकेत माना, तो कुछ ने इसे संभावित कैबिनेट फेरबदल से जोड़कर देखा। अब खुद गडकरी के स्पष्टीकरण के बाद उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर फिलहाल विराम लग गया है।

काटोल के कार्यक्रम से शुरू हुई थी चर्चा

यह पूरा विवाद नागपुर जिले के काटोल में आयोजित लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के एक कार्यक्रम से शुरू हुआ था। इस कार्यक्रम में गडकरी ने अपने सार्वजनिक जीवन के करीब तीन दशक के अनुभव और कोविड-19 के बाद बदली सेहत का जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि अब वह पहले जितना काम नहीं कर पाते हैं और नई पीढ़ी को भी अवसर मिलने चाहिए। उनके इसी बयान को राजनीति से विदाई के संकेत के रूप में देखा जाने लगा था।

शनिवार को नागपुर में 17वीं एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी की घोषणा के दौरान गडकरी ने इस पूरे मामले पर सफाई दी। उन्होंने बताया कि उनका आशय पीढ़ी दर पीढ़ी अनुभव और जिम्मेदारी सौंपने से था। इसका अर्थ राजनीति छोड़ना बिल्कुल नहीं था।

नई पीढ़ी को तैयार करने और जल संरक्षण पर जोर

गडकरी ने कहा कि लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट और एग्रोविजन जैसे सामाजिक और कृषि क्षेत्र के प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी को तैयार करना आवश्यक है। ट्रस्ट के कार्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि यह संस्था पिछले 25 वर्षों से सक्रिय है। इससे करीब 40 हजार आदिवासी छात्र जुड़े हुए हैं और 1,600 शिक्षक उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं। इसके साथ ही गडकरी ने बताया कि वह स्वयं भी पिछले 26 वर्षों से जल संरक्षण के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री ने विदर्भ क्षेत्र में पानी की समस्या का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने जरूरी हैं। 17वीं एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी में महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों में जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने से जुड़ी सफल कहानियों को किसानों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। इससे किसान इन सफल प्रयोगों को अपने खेतों और गांवों में भी अपना सकेंगे।

Read more

Related News