छठ महापर्व पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भोजपुरी में दीं शुभकामनाएं, प्रदेशवासियों के लिए की मंगलकामना

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छठ महापर्व के अवसर पर प्रदेशवासियों को भोजपुरी भाषा में शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने छठ को प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता का पर्व बताते हुए इस महापर्व में माताओं और बहनों की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण बताया और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की।

    उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर भोजपुरी में शुभकामना संदेश जारी कर प्रदेश और देश के लोगों को बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “छठ महापरब में शामिल सभे भाई-बहिन के बहुत-बहुत बधाई।” मुख्यमंत्री ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना की कि वे सभी श्रद्धालुओं के मनोरथ पूर्ण करें।

    मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक अनूठा पर्व है। श्रद्धा, पवित्रता और अनुशासन इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषताएं हैं, जिसमें अस्ताचलगामी और उदीयमान दोनों सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई जाती है।

    माताओं और बहनों की भूमिका को बताया सबसे महत्वपूर्ण

    सीएम योगी ने छठ महापर्व में माताओं और बहनों के योगदान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक कठिन निर्जला व्रत रखकर माताएं और बहनें अपने परिवार और समाज के कल्याण की कामना करती हैं। उनकी श्रद्धा और समर्पण ही इस महापर्व की सबसे बड़ी शक्ति है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण है। आज छठी मैया के पारंपरिक गीत केवल देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया के हर कोने में गूंज रहे हैं।

    विविधता में एकता उत्तर प्रदेश की असली पहचान

    उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य की पहचान किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कृति और विविधता में एकता ही यहां की वास्तविक ताकत है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश में हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में त्योहार मनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

    अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पूर्वांचल और बिहार सहित देश-विदेश में रहने वाले सभी परिवारों को छठ की बधाई दी। उन्होंने कामना की कि हर मां-बहन के जीवन में सुख रहे, हर बेटी सुरक्षित रहे, हर परिवार में खुशहाली आए और किसानों के खेत लहलहाते रहें। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को रोजगार मिलने और उत्तर प्रदेश के विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचने की कामना करते हुए “जय छठी मइया, जय भगवान सूरुज देव” के साथ अपना संदेश समाप्त किया।

    Read more

    Related News