New Delhi News: देश में बढ़ते वायु प्रदूषण का सीधा असर लोगों की सेहत और स्वास्थ्य बीमा क्षेत्र पर दिखाई दे रहा है। पॉलिसीबाजार की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य बीमा दावों (क्लेम) में पिछले तीन वर्षों में 4.3 गुना की भारी वृद्धि दर्ज की गई है। इन कुल दावों में से 78 प्रतिशत मामले हृदय और श्वसन (सांस) संबंधी बीमारियों से जुड़े हैं।
रिपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक, शहरवार विश्लेषण में सबसे अधिक 8,093 दावे दिल्ली में दर्ज किए गए हैं। दिल्ली के बाद पुणे, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद शीर्ष स्थानों पर रहे। इसके अलावा, छोटे शहरों में भी प्रदूषण का असर तेजी से बढ़ा है, जिसके चलते टियर-2 और टियर-3 शहरों को मिलाकर कुल 55 प्रतिशत दावे सामने आए हैं।
कामकाजी वर्ग और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित
आयु वर्ग के आधार पर देखें तो प्रदूषण जनित बीमारियों के कारण अस्पताल में भर्ती होने वालों में कामकाजी लोगों की संख्या सर्वाधिक है। कुल दावों में 31 से 55 वर्ष की आयु के कामकाजी पेशेवरों की हिस्सेदारी 59 प्रतिशत है, जबकि वरिष्ठ नागरिकों की हिस्सेदारी 31 प्रतिशत दर्ज की गई है।
इस प्रकार, कुल बीमा दावों में कामकाजी पेशेवरों और वरिष्ठ नागरिकों की संयुक्त हिस्सेदारी लगभग 90 प्रतिशत है। वहीं, 21 से 30 वर्ष के युवाओं के नाम 6.7 प्रतिशत और 20 वर्ष से कम उम्र के बच्चों से जुड़े 3.7 प्रतिशत दावे दर्ज किए गए हैं।
अक्टूबर से मार्च के बीच बढ़ते हैं मामले
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि प्रदूषण से जुड़े स्वास्थ्य बीमा दावों में स्पष्ट रूप से मौसमी रुझान देखने को मिलता है। सबसे अधिक दावे अक्टूबर से मार्च महीने के बीच दर्ज किए गए हैं। यह वही समय है, जब देश के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता (AQI) बेहद खराब स्तर पर पहुंच जाती है और लोगों में सांस व हृदय से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती हैं।