New Delhi News: वर्ष 2002 के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड के कारणों को सोनिया गांधी के संस्मरण में ‘विवादित’ बताए जाने पर पूर्व सीबीआई विशेष निदेशक राकेश अस्थाना ने कड़ी आपत्ति जताई है। मामले की शुरुआती जांच से जुड़े रहे अस्थाना ने स्पष्ट किया कि फोरेंसिक साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया से आग लगने का कारण साबित हो चुका है, इसके बावजूद संदेह जताने के पीछे राजनीतिक कारण हैं।
दरअसल, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक ‘बिलोंगिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में लिखा है कि साबरमती एक्सप्रेस के डिब्बों में आग लगने से 59 लोगों की मौत हुई थी, लेकिन आग लगने का कारण अब भी विवादित है। इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अस्थाना ने कहा कि जांच पूरी तरह प्रामाणिक थी और अदालत में आरोपितों को दोषी भी ठहराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म के व्यक्ति की हत्या एक अपराध है और आपराधिक जांच को राजनीतिक नजरिये से देखना दुर्भाग्यपूर्ण है। अस्थाना ने कहा, “हमने इसे एक आपराधिक घटना मानकर जांच की, लेकिन दुर्भाग्य से, इस मामले को इस तरह से पेश किया गया मानो इसकी जांच गुजरात के तत्कालीन सीएम नरेन्द्र मोदी को फायदा पहुंचाने के लिए की गई हो।”
पाकिस्तान से फोन आने और साजिश का दावा
राकेश अस्थाना ने दावा किया कि गोधरा में ट्रेन जलाने के पीछे देश को अस्थिर करने की एक बड़ी साजिश थी। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने गोधरा में रॉ (RAW) और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की थी और उनके इनपुट देखे थे।
अस्थाना के मुताबिक, गोधरा स्टेशन के पास स्थित ‘अमन गेस्ट हाउस’ की जांच में कई अहम सुराग मिले थे। गेस्ट हाउस के मालिक अब्दुल रजाक से पूछताछ और वहां के रजिस्टरों व फोन रिकॉर्ड की जांच में पाकिस्तान से कई फोन आने की जानकारी सामने आई थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आतंकी संगठन हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़े कुछ लोग घटना से पहले वहां ठहरे थे। अस्थाना ने कहा कि घटना से एक रात पहले गेस्ट हाउस में हुई बैठक में पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर ट्रेन के डिब्बे में डालने की योजना बनाई गई थी, और जांच दल ने पेट्रोल की बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड भी जब्त किए थे।
तत्कालीन रेल मंत्री लालू यादव पर लगाए आरोप
अस्थाना ने आरोप लगाया कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने न्यायमूर्ति यूसी बनर्जी समिति के जरिए जांच को प्रभावित करने और उन्हें फंसाने की कोशिश की थी। हालांकि, उन्होंने इसके पीछे किसी निजी या राजनीतिक मकसद पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
क्या है 2002 गोधरा कांड का घटनाक्रम
गौरतलब है कि 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 कोच में आग लगने से 59 लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद राज्य में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे थे। इस मामले में वर्ष 2011 में विशेष अदालत ने 31 लोगों को दोषी ठहराया था। बाद में 2017 में गुजरात हाई कोर्ट ने दोषसिद्धि को बरकरार रखते हुए 11 दोषियों की फांसी की सजा को उम्रकैद में बदल दिया था, जबकि 63 अन्य आरोपितों को बरी कर दिया था। फिलहाल दोषियों की अपीलें सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं।