New Delhi News: अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की रोमांचक जीत के बाद आर्यवीर सहवाग ने ओमान से अपने पिता वीरेंद्र सहवाग को वीडियो कॉल किया। टूर्नामेंट में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने गए आर्यवीर ने मैच के अंतिम ओवर के तनाव, अपनी प्रार्थना और स्टेडियम में पाकिस्तानी प्रशंसकों के उत्साह से जुड़े अनुभव साझा किए।
पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग अंडर-19 एशिया कप में ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने गए हैं। उन्होंने इस प्रतियोगिता में एक शतक और तीन अर्धशतकों की मदद से कुल 361 रन बनाए। पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में भी आर्यवीर ने 61 गेंदों में 58 रनों की उपयोगी पारी खेली और कप्तान लक्ष्य रायचंदानी के साथ मिलकर भारत को मजबूत शुरुआत दिलाई।
हालांकि, शीर्ष क्रम के बाद भारतीय मध्यक्रम लड़खड़ा गया और मुकाबला अंतिम ओवर तक खिंच गया। अंततः मोहित उल्वा ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका जड़कर टीम इंडिया को खिताबी जीत दिलाई। इस ऐतिहासिक जीत के बाद आर्यवीर ने ओमान से अपने पिता वीरेंद्र सहवाग को वीडियो कॉल कर डगआउट और मैदान के माहौल के बारे में विस्तार से बताया।
वीडियो कॉल पर आर्यवीर ने सुनाया अंतिम ओवर का हाल
वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान आर्यवीर ने अंतिम क्षणों के रोमांच को साझा करते हुए कहा, “मैं एक घंटे से बैठा था। मैं सीताराम… सीताराम का जाप कर रहा था। मैं सोच रहा था कि कुछ हो जाए। उसके बाद आखिरी ओवर में 8 रन चाहिए थे और गेंदबाज बल्लेबाजी कर रहा था। अंतिम गेंद पर 3 रन की जरूरत थी। मैं बस यही सोच रहा था कि किसी तरह चौका लग जाए और चौका लग गया। इसके बाद सब खुशी से झूम उठे।”
आर्यवीर ने मैदान पर चोट लगने के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “जब मुझे चोट लगी तो दो-तीन बार फिजियो जांच करने आए। उस समय स्टेडियम में करीब 2,000 पाकिस्तानी प्रशंसक मौजूद थे और वे सभी ‘सहवाग… सहवाग’ के नारे लगा रहे थे। पाकिस्तानी दर्शक भी हमारा समर्थन कर रहे थे, जिससे बहुत अच्छा अनुभव हुआ।”
फाइनल मुकाबले में भारत ने हासिल किया 338 रनों का लक्ष्य
फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 337 रन बनाए थे। पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 107 रन, अब्दुल कादिर ने 80 रन और फरहान यूसुफ ने 63 रनों की पारी खेली। 338 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने अंतिम गेंद पर 339 रन बनाकर मुकाबला और अंडर-19 एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया।