New Delhi News: दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर पीक आवर्स के दौरान सफर को तेज बनाने के लिए अतिरिक्त फास्ट ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन सेवाओं के शुरू होने से आनंद विहार से गाजियाबाद मात्र 8 मिनट और आनंद विहार से बेगमपुल 36 मिनट में पहुंचा जा सकेगा। ये ट्रेनें केवल पांच प्रमुख स्टेशनों पर ही रुकेंगी।
दिल्ली और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने महत्वपूर्ण पहल की है। सोमवार से शुरू हो रही इस नई व्यवस्था के तहत पीक आवर्स (सुबह और शाम के व्यस्त समय) में अतिरिक्त फास्ट नमो भारत ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन तेज गति की ट्रेनों के संचालन से पूरे कॉरिडोर का सफर 50 मिनट से भी कम समय में पूरा हो सकेगा, जो पहले 55 से 63 मिनट में पूरा होता था।
नई फास्ट सेवाओं के शुरू होने से यात्रियों के समय में बड़ी बचत होगी। इसके तहत आनंद विहार से गाजियाबाद की दूरी केवल 8 मिनट में, गाजियाबाद से बेगमपुल की दूरी 28 मिनट में और आनंद विहार से बेगमपुल की दूरी मात्र 36 मिनट में तय की जा सकेगी। यह सुविधा विशेष रूप से रोजाना दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और शिक्षण संस्थानों में जाने वाले छात्रों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है।
पीक आवर्स में चलेंगी 8 अतिरिक्त ट्रेनें, जानें समय और स्टॉपेज
सुबह के पीक आवर्स में दोनों टर्मिनल स्टेशनों से दो-दो फास्ट ट्रेनें संचालित की जाएंगी। सराय काले खां से मोदीपुरम और मोदीपुरम से सराय काले खां के लिए ये ट्रेनें सुबह 8:00 बजे और सुबह 8:30 बजे रवाना होंगी। इसी प्रकार, शाम के पीक आवर्स में दोनों दिशाओं से दो-दो फास्ट ट्रेनें शाम 6:00 बजे और शाम 6:30 बजे चलेंगी।
ये फास्ट ट्रेनें कॉरिडोर के केवल पांच प्रमुख स्टेशनों—सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, बेगमपुल और मोदीपुरम पर ही रुकेंगी। अन्य स्टेशनों पर इनका ठहराव नहीं होगा।
नियमित ट्रेनें भी पहले की तरह चलती रहेंगी
एनसीआरटीसी ने स्पष्ट किया है कि ये फास्ट ट्रेनें मौजूदा नियमित नमो भारत सेवाओं के अतिरिक्त चलाई जा रही हैं। नियमित नमो भारत ट्रेनें पहले की तरह हर 10 मिनट के अंतराल पर सभी स्टेशनों के लिए उपलब्ध रहेंगी। यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे ट्रेन में सवार होने से पहले स्टेशन पर लगे डिस्प्ले बोर्ड को देखें और प्लेटफॉर्म पर होने वाली घोषणाओं को ध्यान से सुनें, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ट्रेन फास्ट सेवा है या नियमित सेवा।
रोजाना 1.10 लाख यात्री कर रहे हैं सफर
नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। वर्तमान में इस कॉरिडोर पर प्रतिदिन लगभग 1 लाख 10 हजार (1.1 लाख) यात्री सफर कर रहे हैं। हाल ही में इस कॉरिडोर ने 5 करोड़ यात्री यात्राओं (पैसेंजर जर्नी) का महत्वपूर्ण आंकड़ा भी पार किया है। आंकड़ों के अनुसार, पिछले तीन महीनों के दौरान ही इस प्रणाली में हर महीने औसतन 32 लाख से अधिक यात्री यात्राएं दर्ज की गई हैं।