Solan News: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी रजनी पाटिल ने सोलन ब्लॉक कांग्रेस सम्मेलन में केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि देश तानाशाही की तरफ बढ़ रहा है। केंद्रीय जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। कांग्रेस शुक्रवार को शिमला में चुनाव आयोग कार्यालय का घेराव करेगी।
सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना प्राथमिकता
पत्रकारों से बातचीत में रजनी पाटिल ने सुक्खू सरकार के कामकाज की सराहना की। उन्होंने कहा कि बिना केंद्रीय मदद और विषम परिस्थितियों के बावजूद सरकार चुनावी गारंटियां पूरी कर रही है। उनका मुख्य दायित्व संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल बनाना है, जिससे आम कार्यकर्ताओं की आवाज सत्ता तक मजबूती से पहुंचे।
सम्मेलन में सह प्रभारी विधित चौधरी ने कहा कि विधानसभा चुनावों में मिशन रिपीट कांग्रेस का मुख्य लक्ष्य है। देश और प्रदेश की जनता राहुल गांधी के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि सोलन की तर्ज पर राज्य के सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित होंगे।
कल्याणकारी योजनाओं के दम पर फिर बनाएंगे पूर्ण बहुमत की सरकार
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल ने कहा कि सुक्खू सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित होकर काम कर रही है। वहीं संगठन मंत्री विनोद जिंटा ने दावा किया कि कांग्रेस एकजुट है, जबकि विपक्षी दल कई गुटों में बंटा है। आगामी चुनावों में पार्टी भारी बहुमत से वापसी करेगी।