नालागढ़ के चोंकीवाला में झाड़ियों से मिला 21 वर्षीय लापता प्रवासी युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

Share

- Advertisement -

Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में नालागढ़ उपमंडल के चोंकीवाला में झाड़ियों से 21 वर्षीय प्रवासी युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान राजीव के रूप में हुई है, जो पिछले तीन दिनों से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

राजीव तीन दिन पहले सुबह घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और नालागढ़ पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार शाम चोंकीवाला में झाड़ियों से तेज बदबू आने पर एक स्थानीय महिला ने पुलिस और आसपास के लोगों को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने कपड़ों व सामान के आधार पर शव की पहचान की। मृतक के पिता महेंद्र ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के लक्ष्मीपुर जिले के निवासी हैं और कृपालपुर में रहकर मजदूरी करते हैं। राजीव भी अपने परिवार के साथ मजदूरी का काम ही करता था।

मृतक के पिता और दोस्त बंसी ने अज्ञात लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि दो दिन पहले राजीव की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंका गया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News