Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर से सटे आंजी रबौन क्षेत्र में गुरुवार को सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ एक महिला ने अपनी छह महीने की दुधमुंही बच्ची को पानी में डुबोकर मार डाला और फिर खुद भी फंदा लगाकर जान दे दी। यह घटना महिला के मायके में घटित हुई है।
मायके आई थी महिला, घरेलू विवाद की आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार महिला कुछ दिनों से अपने पिता के घर आई हुई थी। शुरुआती जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि घरेलू कलह के कारण महिला ने यह खौफनाक फैसला लिया। हालांकि पुलिस का कहना है कि असली वजह विस्तृत जांच और परिजनों के बयानों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फॉरेंसिक टीम बुलाई गई, जांच में जुटी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमेश शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम मौके पर मौजूद है। साक्ष्य जुटाने के लिए राज्य फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम बुलाई गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की गहन कानूनी छानबीन शुरू कर दी है।