नाहन मेडिकल कॉलेज की बदहाली पर बरसे राजीव बिंदल, कहा- सरकार बनने के एक महीने में शुरू होगा निर्माण कार्य

Share

- Advertisement -

Nahan News: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने नाहन में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस सरकार और स्थानीय विधायक अजय सोलंकी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के एक महीने के भीतर नाहन मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और सभी रिक्त पदों को भरा जाएगा।

मेडिकल कॉलेज बना रेफरल अस्पताल, सुविधाएं नदारद

डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों से नाहन मेडिकल कॉलेज को राजनीति का अखाड़ा बना दिया गया है। सरकार भूमि की कमी का बहाना बना रही है, जबकि कॉलेज के पास 117 बीघा जमीन उपलब्ध है और केंद्र सरकार द्वारा इसके लिए पूरी राशि भी जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सुविधाओं के अभाव में यह संस्थान मात्र एक रेफरल अस्पताल बनकर रह गया है, जहां अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और ऑपरेशन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल पा रही हैं।

घायलों और मरीजों को हो रही भारी परेशानी

बिंदल ने हालिया घटनाओं का हवाला देते हुए बताया कि तीन दिन पहले पेड़ से गिरे व्यक्ति का ऑपरेशन थिएटर बंद होने के कारण समय पर ऑपरेशन नहीं हो सका। वहीं, सराहां के पास हुई दुर्घटना में घायलों के टेस्ट और सीटी स्कैन बाहर के निजी अस्पतालों से करवाने पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में 108 एंबुलेंस की कमी के चलते मरीजों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा अध्यक्ष ने आश्वस्त किया कि सत्ता में आने पर स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाएगा।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News