Hamirpur News: हमीरपुर में चार नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियों और रणनीति को लेकर भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में मट्टनसिद्ध में हुई इस बैठक में नयनादेवी विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रणधीर शर्मा ने विशेष रूप से भाग लिया। बैठक के दौरान आगामी पदयात्रा की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई।
सांसद अनुराग ठाकुर और प्रदेश अध्यक्ष करेंगे अगुवाई
विधायक रणधीर शर्मा ने बताया कि यह भव्य पदयात्रा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के नेतृत्व में निकाली जाएगी। इस आयोजन में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी 17 विधानसभा सीटों से विधायक, पूर्व विधायक, वरिष्ठ भाजपा नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ भाग लेंगे। बैठक की शुरुआत में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि भी अर्पित की गई।
देशभर में 121 स्थानों पर हो रहा है आयोजनों का सिलसिला
पत्रकारों से बातचीत करते हुए रणधीर शर्मा ने कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का विरोध करने को लेकर तीखा निशाना साधा। उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के पहले चरण के तहत 5 नवंबर तक देशभर में कुल 121 स्थानों पर पदयात्राएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें 10 हजार से अधिक लोगों की भागीदारी प्रस्तावित है।
हिमाचल प्रदेश में इस अभियान के तहत चार स्थानों पर कार्यक्रम तय किए गए हैं। इसके तहत 30 अक्तूबर को धर्मशाला में पदयात्रा सफलताપूर्वक आयोजित की जा चुकी है, जबकि एक नवंबर को शिमला और अब चार नवंबर को हमीरपुर में इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।