Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में जारी मूसलाधार बारिश से आनी बस स्टैंड के पास मंगलवार सुबह भयानक भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से अचानक गिरे मलबे और पत्थरों की चपेट में आने से दो वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय दोनों वाहनों में कोई भी व्यक्ति सवार नहीं था।
जिस जगह पर यह ताजा भूस्खलन हुआ है, वहीं 24 अगस्त 2023 को भीषण तबाही हुई थी और आठ बहुमंजिला इमारतें जमींदोज हो गई थीं। दोबारा उसी संवेदनशील स्थान पर पहाड़ी दरकने से स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल है। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
खराब मौसम के चलते कुल्लू उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान बंद
बारिश और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए कुल्लू उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थानों में मंगलवार को छुट्टी घोषित कर दी है। उपमंडल दंडाधिकारी डॉ. जयवंती ठाकुर ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 34 के तहत यह आधिकारिक आदेश तत्काल प्रभाव से जारी किया है।
प्रशासनिक आदेश के अनुसार सभी सरकारी व निजी स्कूलों, आंगनबाड़ियों, कॉलेजों, आईटीआई, पॉलीटेक्निक और इंजीनियरिंग संस्थानों में पढ़ाई स्थगित रहेगी। एसडीएम ने सभी संस्थान प्रमुखों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और आम जनता को अनावश्यक यात्रा से बचने की सख्त हिदायत दी है।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, अचानक बाढ़ का खतरा
मौसम विज्ञान विभाग ने कुल्लू जिले समेत पूरे हिमाचल प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। जिले के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं और अचानक बाढ़ (फ्लैश फ्लड) आने की गंभीर आशंका जताई गई है।
जगह-जगह भूस्खलन होने से प्रमुख सड़कें बाधित हो गई हैं, जिससे यातायात जोखिम भरा बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। आपदा प्रबंधन टीमों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट पर रखा गया है।