New Delhi News: संयुक्त राष्ट्र महासभा में कश्मीर और सिंधु जल संधि पर पाकिस्तान के झूठ का पर्दाफाश करने वाली भारतीय राजनयिक पेटल गहलोत चर्चा में हैं। उन्होंने यूएन मंच पर भारत का मजबूती से पक्ष रखते हुए पाकिस्तानी पीएम के दावों की धज्जियां उड़ा दीं।
2015 बैच की आईएफएस अधिकारी हैं पेटल गहलोत
पेटल गहलोत भारतीय विदेश सेवा की तेजतर्रार 2015 बैच की अधिकारी हैं। वह वर्तमान में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में फर्स्ट सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। दिल्ली में जन्मीं पेटल ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा पास कर विदेश मंत्रालय के साथ अपने डिप्लोमैटिक करियर की शुरुआत की थी।
संयुक्त राष्ट्र में तैनाती से पहले उन्होंने जून 2020 से जुलाई 2023 तक विदेश मंत्रालय के यूरोप वेस्ट डिवीजन में अंडर सेक्रेटरी के तौर पर काम किया। इसके अलावा वह पेरिस और सैन फ्रांसिस्को में भारतीय मिशनों में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं, जहां उनके काम की काफी सराहना हुई थी।
मुंबई और दिल्ली के प्रतिष्ठित कॉलेजों से की पढ़ाई
पेटल गहलोत की शुरुआती शिक्षा और कॉलेज स्तर की पढ़ाई बेहद शानदार रही है। उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित सेंट जेवियर्स कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस, सोशियोलॉजी और फ्रेंच लिटरेचर में बीए किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स की डिग्री हासिल की।
कूटनीति के अलावा पेटल गहलोत संगीत में भी गहरी रुचि रखती हैं। वह एक कुशल गिटारिस्ट और म्यूजिशियन हैं और सोशल मीडिया पर कई गानों के कवर पोस्ट करती रहती हैं। इटैलियन लोकगीत ‘बेला चाओ’ पर उनके गिटार प्ले करने का वीडियो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ था।