Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में आधी रात को बड़ा हादसा हो गया। रैला पंचायत के पालचरा गांव में हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की टनल लीक होने से अचानक बाढ़ आ गई। इस वजह से करीब 15 परिवारों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर भागना पड़ा। बिना बारिश अचानक आए पानी और मलबे से गांव में भारी तबाही हुई है।
यह हादसा हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के एडिट-5 में प्रेशर वॉल्व लीक होने के कारण हुआ। वॉल्व टूटने से भारी मात्रा में पानी अचानक बाहर आ गया। साफ मौसम में पानी का तेज बहाव देखकर ग्रामीण हैरान रह गए। पानी अपने साथ एनएचपीसी (NHPC) की डंपिंग साइट से भारी मलबा बहाकर सीधे लोगों के रिहायशी इलाकों तक ले आया।
अचानक आई इस तबाही से पालचरा गांव के कई घर, दुकानें और होमस्टे मलबे की चपेट में आ गए। आधी रात को मलबे का बहाव देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जान बचाने के लिए लोगों को तुरंत अपने घर खाली करने पड़े। प्रभावित परिवारों ने रात अपने रिश्तेदारों के घर बिताई और इलाके में अब भी डर का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार एनएचपीसी की डंपिंग साइट पर जमा मलबे ने तबाही को अधिक बढ़ा दिया। रास्ते बंद हो गए हैं और कई संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। अब स्थानीय लोग प्रशासन और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से मौके का मुआयना करने और नुकसान का तुरंत सही आकलन करने की मांग लगातार उठा रहे हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि प्रोजेक्ट से लगातार पानी और मलबा आने से भविष्य में बड़ा खतरा बना रहेगा। ग्रामीणों ने मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत राशि दी जाए। साथ ही उन्हें सुरक्षित जगह शिफ्ट किया जाए और डंपिंग साइट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।