कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर अज्ञात वाहन की टक्कर से प्रवासी मजदूर की मौत, आक्रोशित लोगों ने दो घंटे तक किया चक्का जाम

Share

- Advertisement -

Mandi News: कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर जुगाहन के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने 36 वर्षीय एक प्रवासी मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। घटना से भड़के प्रवासियों ने फोरलेन पर दो घंटे चक्का जाम किया।

स्थानीय पंचायत प्रधान ललित कुमार ने बताया कि वह शाम करीब पौने सात बजे अपने घर लौट रहे थे। तभी उन्होंने सड़क के किनारे एक व्यक्ति को अचेत और गंभीर हालत में पड़े देखा। उन्होंने तुरंत 112 आपातकालीन नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया।

मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले की पुवाया तहसील के बेहड़ा गांव निवासी श्रवण (36) के रूप में हुई है। वह एक प्रवासी मजदूर था और घांगल स्टोन क्रशर के समीप रह रहा था। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर सड़क पर एकत्र हो गए और उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए रास्ता रोक दिया।

चक्का जाम होने से फोरलेन पर काफी देर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात बाधित रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारी मजदूरों को समझाया और स्थिति को नियंत्रित कर यातायात फिर से शुरू करवाया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को राहत राशि देने की बात कही है।

तहसीलदार अंकित शर्मा ने जानकारी दी कि हलका पटवारी के जरिए मृतक के आश्रितों को दस हजार रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता प्रदान कर दी गई है। डीएसपी सुंदरनगर भारतभूषण ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक को पकड़ने के लिए आसपास के क्षेत्रों में तलाश जारी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News