Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में एचआरटीसी की एक बस अचानक बीच सड़क पर खराब हो गई। शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद यात्रियों को खुद नीचे उतरकर बस को धक्का लगाना पड़ा। इस वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया और आम जनता को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंडी शहर के बीचों-बीच एचआरटीसी की नीली बस के अचानक रुकने से यात्रा कर रहे लोग हैरान रह गए। बस आगे बढ़ने से बिल्कुल मना कर चुकी थी। इसके बाद सवारियों ने अपनी मंजिल तक पहुंचने और रास्ता साफ करने के लिए खुद ही ‘पुश स्टार्ट’ की जिम्मेदारी संभाली और धक्का लगाना शुरू किया।
यात्रियों के काफी प्रयासों के बाद बस को धक्का देकर सड़क के किनारे किया जा सका। हालांकि इस दौरान शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बीच सड़क पर बस खड़ी रहने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई, जिससे दूसरे वाहन चालकों को भी काफी देर इंतजार करना पड़ा।
सफर करने निकले लोगों को टिकट के साथ धक्का लगाने की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ी। देखने वालों के लिए यह नजारा काफी अजीब था, लेकिन यात्रियों के लिए यह सरकारी परिवहन व्यवस्था पर बड़ा सवाल बन गया। लोग सवाल उठा रहे हैं कि ऐसी खटारा बसों के भरोसे यात्री अपनी यात्रा कैसे पूरी करेंगे।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें राज्य के लोगों के लिए लाइफलाइन मानी जाती हैं। इसके बावजूद बीच सड़क पर बसों का यूं अचानक बंद होना और यात्रियों से धक्का लगवाना व्यवस्था की पोल खोलता है। इस तरह की घटनाओं से सरकारी दावों और सुविधाओं की जमीनी हकीकत साफ उजागर होती नजर आ रही है।