Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की पंडोह पुलिस चौकी टीम ने नशा तस्करी के बड़े मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने 5 किलो 535 ग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम केस की जांच करते हुए हरियाणा से 75 वर्षीय बुजुर्ग को गिरफ्तार किया है। इस अंतरराज्यीय नेटवर्क में यह अब तक की छठी गिरफ्तारी है।
पुलिस टीम ने फॉरवर्ड लिंकेज के सुराग जोड़ते हुए हरियाणा के गोहाना तहसील स्थित जागसी गांव में दबिश दी। एसआई अशोक पठानिया, एएसआई मनोज ठाकुर, कांस्टेबल अमित ठाकुर और एलएचएचसी नैना कटोच ने वहां से 75 वर्षीय रणवीर को पकड़ा। जांच में सामने आया कि नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त में बुजुर्ग की भी सक्रिय भूमिका रही है।
नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े सप्लायर भी आ चुके हैं पकड़ में
इस मामले की शुरुआत 17 जुलाई को हुई थी, जब पुलिस ने भारी मात्रा में चरस और अफीम के साथ हरियाणा के तीन आरोपियों को दबोचा था। इसके बाद बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए पुलिस ने 24 अगस्त 2026 को कुल्लू जिले के आनी तहसील निवासी राहुल को गिरफ्तार किया, जिसने कई अहम सुराग दिए।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने चरस सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना जीत राम उर्फ जीतू को भी कुल्लू के कनाल गांव से गिरफ्तार किया। पकड़े गए बुजुर्ग रणवीर का बेटा अनिल उर्फ काला पहले ही जेल में बंद है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने छह आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि नेटवर्क की जांच जारी है।